श्रीमद्भागवद्गीता अध्याय 18 श्लोक 14

श्रीमद्भागवद्गीता अध्याय 18 श्लोक 14

अधिष्ठानं तथा कर्ता करणं च पृथग्विधम्‌।
विविधाश्च पृथक्चेष्टा दैवं चैवात्र पञ्चमम्‌॥ 14।।

इस विषय में अर्थात कर्मों की सिद्धि में अधिष्ठान (जिसके आश्रय कर्म किए जाएँ, उसका नाम अधिष्ठान है) और कर्ता तथा भिन्न-भिन्न प्रकार के करण (जिन-जिन इंद्रियादिकों और साधनों द्वारा कर्म किए जाते हैं, उनका नाम करण है) एवं नाना प्रकार की अलग-अलग चेष्टाएँ और वैसे ही पाँचवाँ हेतु दैव (पूर्वकृत शुभाशुभ कर्मों के संस्कारों का नाम दैव है) है।

कर्म किये जाने के लिए जो पाँच कारण हैं उनमें सबसे पहला अधिष्ठान है। अधिष्ठान यानी जिसके आश्रय कर्म किया जा है और यह है शरीर। व्यक्ति के लिए शरीर से परे कोई कर्म नहीं होता है। कर्म होने के लिए पहली अनिवार्य  शर्त है कि देहधारी ही कर्म करता है।
    लेकिन मात्र शरीर के होने भर से कर्म नहीं होता है इसके लिए कर्ता भाव का होना अनिवार्य है। कर्ता भाव के होने का अर्थ है कि इस शरीर से स्वयं की पहचान स्थापित करना यानी ईगो का होना।
      तीसरी अनिवार्य शर्त है करण यानी उन माध्यम का होना जिनसे कर्म किया जाता है। ये माध्यम हैं इन्द्रिय, मन, बुद्धि विवेक । इनके माध्यम से ही व्यक्ति कर्म में प्रवृत्त हो पाता है। 
     लेकिन ये करण तभी कर्म करते हैं जब विभिन्न चेष्टाएँ होती हैं यानी शरीर में श्रीमद्भगवद्गीता अध्याय 18 परिचय होती है। प्राण के अभाव में  न तो कर्ता भाव कुछ कर पाता है न ही करण।
    लेकिन इन चारों की उपस्थिति के बावजूद कर्म का होना तब तक सम्भव नहीं होता है जब तक दैव न हो यानी वह शक्ति जो व्यक्ति के अंदर तो नहीं है लेकिन जिसकी उपस्थिति कर्म होने के लिए अनिवार्य है। जैसे शरीर भी है, शरीर में स्वस्थ आँख भी है , लेकिन प्रकाश नहीं है तब व्यक्ति अपनी आँखों से देख नहीं पाता। व्यक्ति के नेत्र स्वतः अपने अंदर से प्रकाश उतपन्न भी नहीं कर सकते है और इसके अभाव में व्यक्ति देखने का कर्म नहीं कर सकता है। दैव न हो तो अन्य चार अंततः निश्चेष्ट और निष्प्रभावी  हो जाते हैं। दैव को आप कह सकते हैं कि यह आपका भाग्य है अथवा यह प्रकृति की शक्ति है अथवा सम्पूर्ण कॉसमॉस का प्रभाव है। यानी कर्म होने के लिए लिए सब कुछ व्यक्ति के अंदर ही नहीं है बल्कि कुछ है जो उसके बाहर है जिसकी उपस्थिति में व्यक्ति कर्म कर पाता है। भौतिक रूप से समझें तो व्यक्ति के कर्म उसके परिवेश, उसके समाज, आदि वे बाहरी कारक हैं जो व्यक्ति के कर्म करने की क्षमता को प्रभावित करते हैं अथवा निर्धारित करते हैं जो हमेशा व्यक्ति के वश में नहीं होते हैं। कोई इसे पूर्वजन्म का प्रभाव कहता है तो कोई ग्रहों का फेर। दरअसल जो आपके अंदर , आपके वश से बाहर है वही दैव है।

Comments

Popular posts from this blog

श्रीमद्भागवद्गीता अध्याय 3 श्लोक 35

Geeta Chapter 3.1

श्रीमद्भागवद्गीता अध्याय 14. परिचय